बोकारो । एक बार फिर सड़क दुर्घटना ने यात्रियों को दहला दिया है। देर शाम पुरुलिया से बोकारो की ओर आ रही कल्याणी बस NH-23 पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब नुमा गड्ढे में जा घुसी। हालांकि, वक्त रहते बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
घटना पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर मौजा के पास NH-23 फोर लेन पर पंकज ढाबा के समीप हुई। बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर गहरे गड्ढे में जा गिरी।
“सामने से एक बाइक आ रही थी। उसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर सीधा सड़क किनारे बने तालाब नुमा गड्ढे में घुस गया।”
_निमाई महतो, प्रत्यक्षदर्शी /स्थानीय निवासी
उन्होंने आगे कहा कि बस में सवार सभी यात्री किसी तरह की बड़ी चोट-चपेट से बच गए और तुरंत बस से बाहर निकल आए।
चालक और कंडक्टर फरार
घटना की सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन बस का चालक और कंडक्टर दुर्घटना के तुरंत बाद फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
बस में सवार यात्रियों ने भी पुलिस को बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार में बस चला रहा था, जिसके कारण घटना हुई।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब बोकारो-पुरुलिया मार्ग पर सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-23 पर कई जगह गहरे गड्ढे और खतरनाक मोड़ होने के कारण ऐसे हादसे आम हो गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक-कंडक्टर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल एकबार फिर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बस संचालकों पर सख्ती बरतने की मांग स्थानीय स्तर पर उठने लगी है।
