अपहृत नाबालिग लड़की सकुशल बरामद
मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
चास (बोकारो)। चिरा चास थाना पुलिस को अपहरण के एक लंबे लंबित मामले में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है और मुख्य आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।9 फरवरी 2025 को चिराचास थाना क्षेत्र के नंदुआ निवासी सुशीला देवी ने अपनी नाबालिग भतीजी के अपहरण किए जाने की सूचना देते हुए चिराचास थाना में कांड संख्या 26/2025 दर्ज कराया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। लंबी छानबीन के बाद 2 मई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी संतोष कुमार गोस्वामी उर्फ लादेन (उम्र 29 वर्ष) को धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी चास थाना क्षेत्र के जोधाड़ीह मोड़ का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया है। लड़की को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
“यह अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। लेकिन जांच में डिजिटल साक्ष्यों से पता चला कि नाबालिग और आरोपी के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का काम किया। हमारी टीम ने निरंतर निगरानी और तकनीकी सहायता से आरोपी को धनबाद से गिरफ्तार किया। नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।”
_ प्रवीण कुमार सिंह, एसडीपीओ, चास
चास पुलिस की यह सफलता उनकी लगातार निगरानी और डिजिटल फॉरेंसिक की क्षमता को भी बखूबी बताती है। नाबालिग अपहरण के मामले में पुलिस की तेज कार्रवाई स्थानीय स्तर पर राहत की खबर मानी जा रही है।
फिलहाल अब आगे पुलिस आरोपी के अन्य सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।
