फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
बकरीद को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद
हजारीबाग | जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों के निपटारे और आगामी बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बरही थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए बैंक लूट मामले का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमुख निर्देश
- महिला प्रताड़ना, घरेलू हिंसा तथा अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित मामलों को 60 दिनों के अंदर निष्पादित करना सुनिश्चित करें।
- बकरीद से पहले पूर्व सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाएं।
- अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, संगठित अपराध और साइबर अपराध पर सख्त कार्रवाई हेतु लक्षित अभियान संचालित करें।
- आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा जमीन विवाद मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना स्तर पर अपराध की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्क रहते हुए जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
