एसएचजी प्रशिक्षण केंद्र निर्माण में अनियमितता का आरोप
घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत
निर्माण स्थल पर कार्यरत मिस्त्री ने भी स्वीकारा गुणवत्ता विहीन सामग्री का हो रहा इस्तेमाल
पाकुड़ । हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर में बन रहे एसएचजी प्रशिक्षण केंद्र भवन के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से घटिया सामग्री का उपयोग कर भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
मौके देखा गया कि निर्माण स्थल पर न तो सूचना पट लगाया गया है और न ही गुणवत्तापूर्ण मानकों का पालन किया जा रहा है।
निर्माण कार्य में कमजोर ईंट, मिट्टी मिला हुआ बालू तथा स्तरहीन छड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।
निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री ने भी स्वीकार किया कि मिट्टी युक्त बालू और 3 नंबर ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। इससे भवन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस संबंध में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) और जूनियर इंजीनियर (JE) से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभागीय मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
