बैठक में थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत क्राइम रिव्यू
सरायकेला-खरसावां। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में जिले की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत क्राइम रिव्यू किया गया और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में सरायकेला एसडीपीओ, चांडिल एसडीपीओ, प्रशिक्षु डीएसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक में नए आपराधिक कानूनों के तहत समयबद्ध तरीके से जांच पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी निधि द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान ई-साक्ष्य (Electronic Evidence) को लेकर विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारियों को डिजिटल साक्ष्य जुटाने, संरक्षण और अपलोड करने की प्रक्रिया पर प्रशिक्षित किया गया। साथ ही कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर छोटी ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल माह की आगामी क्राइम मीटिंग की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 15 तारीख तक अप्रैल माह का क्राइम रिव्यू समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी और साइबर क्राइम पर विशेष फोकस रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि अगले सप्ताह सभी थाना प्रभारियों के लिए फर्स्ट एड ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। इसके अलावा ई-साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर एक विशेष ट्रेनिंग कैंप का भी आयोजन किया जाएगा।
“पुलिस को तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ संवेदनशीलता के स्तर पर भी मजबूत होना जरूरी है। हमारा लक्ष्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ तेज और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करना है।”
_ निधि द्विवेदी, एसपी, सरायकेला-खरसावां
यह बैठक जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
