गिरिडीह। जिले में नकली और अवैध विदेशी शराब बनाने की एक बड़ी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया है। उत्पाद विभाग ने उपायुक्त राम निवास यादव के निर्देश पर यह बड़ी कार्रवाई की।
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने भरकट्टा थाना क्षेत्र के चिताखारो गांव स्थित एक धान गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां अवैध विदेशी शराब बनाने का पूरा सेटअप संचालित पाया गया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में स्पिरिट, तैयार अवैध विदेशी शराब और अन्य सामग्री जब्त कर ली है।
"उपायुक्त के निर्देश पर हमने छापेमारी की। यहां अवैध विदेशी शराब बनाने का पूरा प्लांट चल रहा था। भारी मात्रा में स्पिरिट और तैयार शराब जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जाएगी।"
_शिव कुमार साहू, उत्पाद अधीक्षक
"उत्पाद विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई में हमने अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। अवैध कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।"
_अमन कुमार, भरकट्टा थाना प्रभारी
इस मामले में कुल 4 अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, हालांकि सभी आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
छापेमारी का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। इस कार्रवाई में भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार सहित जिला बल, सशस्त्र बल और गृह रक्षक के जवान शामिल थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
