बोकारो/रामगढ़। माराफारी थाना क्षेत्र के बोकारो-रामगढ़ मुख्य पथ पर एक भयावह सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 38 वर्षीय रिंकू देवी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतिका अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। महिला ट्रक के पीछे वाले टायर की चपेट में आ गई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतिका सेक्टर-3 की रहने वाली बताई जा रही है।
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सड़क अब "मौत की सड़क" बन चुकी है। लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह बेखबर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक अनावश्यक प्रेशर हॉर्न बजाकर लोगों को दबाव में डालते हैं, जिसके कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।
"यह सड़क मौत की सड़क बन गई है। रोजाना हादसे हो रहे हैं। ट्रक वाले बिना सोचे-समझे प्रेशर हॉर्न बजाते हैं और गाड़ी तेज चलाते हैं। आज फिर एक मां की जान चली गई। प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है।"
_प्रत्यक्षदर्शी, अरुण कुमार
"हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
_मुकेश कुमार, एसआई, माराफारी थाना
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था सुधारने और हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
