30 परिवारों को पीने का पानी नहीं !
सवालों के घेरे में प्रशासन और जनप्रतिनिधि
लातेहार । हेरहंज प्रखंड के सलैया पंचायत अंतर्गत ग्राम सलैया टोला जम्बुआ में सोलर जालमीनार और चापानल छह महीनों से खराब पड़े हैं। इससे गांव के करीब 30 परिवारों को पीने के पानी के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सोलर जालमीनार व चापानल के खराब होने के बाद उन्होंने कई बार स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य और जनप्रतिनिधियों को सूचित किया। जनता दरबार में लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने श्रमदान कर चापानल को एक बार ठीक भी किया था, लेकिन मिस्त्री द्वारा ठीक ढंग से काम न करने के कारण वह फिर से खराब हो गया।
एक ग्रामीण ने बताया कि 6 महीने से उनकी समस्या नहीं सुनी जा रही है। बरसात में किसी तरह काम चल गया, लेकिन अब गर्मी में चापानल में पानी बहुत कम निकल रहा है। घंटों लाइन लगानी पड़ती है और फिर भी गंदा पानी मिलता है। इससे ग्रामीणो में बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले घर-घर पानी पहुंचता था, लेकिन अब मजबूरी में उसी खराब चापानल पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने PHD विभाग के अधिकारियों और प्रशासन से भी तत्काल मरम्मत की मांग की है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक से भी अपील की है कि जनता दरबार में दिए गए आवेदन पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और सोलर जालमीनार व चापानल को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए।
सवालों के घेरे में प्रशासन और जनप्रतिनिधि
- छह महीनों से सोलर जालमीनार व चापानल खराब होने के बावजूद मुखिया और जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई पहल क्यों नहीं की गई?
- लिखित आवेदन और सूचना के बावजूद PHD विभाग ने क्यों संज्ञान नहीं लिया?
गांव में 30 परिवार गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियां और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका बढ़ गईं हैं। यह देखना होगा कि इस गंभीर समस्या पर PHD विभाग, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि कितनी जल्दी संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध कराते हैं।
