झरिया (धनबाद)। होरलाडीह के समीप झमाडा में स्वीकृत वाटर पंप हाउस निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने किया। विधायक ने नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
40 साल पुरानी समस्या का समाधान
बताया गया कि भालगढ़ा क्षेत्र का यह पंप हाउस लगभग 40 वर्षों से बंद पड़ा था, जिसके कारण पूरे इलाके में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई थी। नए पंप हाउस के निर्माण से भालगढ़ा सहित आसपास के लगभग 40 हजार लोगों को नियमित शुद्ध पेयजल मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने विधायक रागिनी सिंह का स्वागत किया और लंबे इंतजार के बाद इस योजना के शुरू होने पर अपनी खुशी जाहिर की।
“भालगढ़ा क्षेत्र के लोगों को वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा था। यह पंप हाउस लगभग 40 वर्षों से बंद था, जिसके कारण हजारों परिवार प्रभावित थे। आज इसका शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद करीब 40 हजार लोगों को नियमित पेयजल सुविधा मिलेगी। जनता की समस्याओं का समाधान करना ही हमारी प्राथमिकता है और विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।”
_रागिनी सिंह, झरिया विधायक
कार्यक्रम में भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
