कोडरमा । सदर थाना क्षेत्र के लाराबाद स्थित एक ढाबे के पीछे सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गहराई निवासी रामजी यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
पिपराडीह गांव के ग्रामीणों ने सुबह टहलने के दौरान शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, शव के पास आधी टूटी सल्फास की गोली मिली है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। रामजी यादव बालू की गाड़ियों में मजदूरी का काम करते थे।
कोडरमा सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
अभी तक मृत्यु का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
