80% दिव्यांगता भी नहीं बनी राह का रोड़ा
मो. कैफ ने JAC बोर्ड में हासिल किए 80% अंक
तेलोडीह (गिरिडीह)। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसले और मेहनत की जीत की मिसाल पेश की है। तेलोडीह पंचायत के खुट्टा टोला निवासी मोहम्मद कैफ 80 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद सुनने और बोलने में अक्षम झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक हासिल किया। उनकी यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर 10 मई 2026 को तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मो. कैफ के घर पहुंचकर उन्हें मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने तालियों से छात्र का उत्साहवर्धन किया।
मुखिया शब्बीर आलम ने कहा,
“मोहम्मद कैफ की यह सफलता पूरे गिरिडीह जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना वाकई सराहनीय है। उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी विशेष बधाई।”
मुखिया शब्बीर आलम ने आगे आश्वासन दिया कि कैफ के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार से मिलने वाली सभी संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और वे स्वयं परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे।
इस मौके पर पंचायत के कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मोहम्मद कैफ की यह उपलब्धि साबित करती है कि सच्ची लगन और जज्बे के सामने कोई बाधा स्थायी नहीं होती। उनके जैसे छात्र न केवल खुद को बल्कि समाज को भी नई राह दिखाते हैं।
