पत्रकारों में उबाल, आंदोलन की चेतावनी
बरवाडीह (लातेहार)। लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड में निर्माण कार्य में कथित अनियमितता की खबर प्रकाशित करने पर पत्रकारों को धमकी दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय पत्रकारों में भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
पत्रकारों ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय परिसर में चल रहे अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य में अनियमितता को लेकर समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर छपने के बाद निर्माण से जुड़े पेटी कांट्रेक्टर रंजीत शर्मा ने पत्रकारों को फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। उन्होंने सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी के मोबाइल नंबर पर भी कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और पत्रकारों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पत्रकारों ने बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार को आवेदन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने स्पष्ट किया है कि संबंधित धमकी भरी बातचीत का ऑडियो और वीडियो साक्ष्य उनके पास उपलब्ध है।
प्रेस क्लब ने दी आंदोलन की चेतावनी
लातेहार प्रेस क्लब ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब अध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा,
“यह प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। यदि पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे जिले के पत्रकार आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक लातेहार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरवाडीह को भी भेजी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बरवाडीह प्रेस संघ के अध्यक्ष संजय कुमार, अर्जुन विश्वकर्मा, शशि शेखर, मयंक विश्वकर्मा, दीपक राज, तस्लीम खान, रवि गुप्ता, प्रमोद ठाकुर, सूरज कुमार, पंकज गिरी, अकरम अंसारी, अख्तर अंसारी, सुमित कुमार, संतोष सिंह चेरो सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।
