एक दंपति समेत अब तक 9 गिरफ्तार
रामगढ़ (झारखंड)। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ के समीप शिव शंकर ज्वेलरी दुकान में 21 अप्रैल को हुई डकैती में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक दंपति सहित अब तक कुल 9 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले दिनों पकड़े गए 7 आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में कल रजरप्पा क्षेत्र से एक दंपति को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दंपति को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम लगातार काम कर रही थी और अपराधियों के एक-एक लिंक को जोड़ते हुए इस सफलता को हासिल किया गया है।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि डकैती कांड के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बरामद आभूषणों की पहचान कर उन्हें शीघ्र ही वास्तविक मालिक को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
इस डकैती ने स्थानीय व्यापारियों में काफी रोष भर दिया था। अब पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के ज्वेलर्स और व्यापारियों ने राहत जाहिर की है।
