स्कूली वाहन दुर्घटनाग्रस्त, कई बच्चे घायल

स्कूली वाहन दुर्घटनाग्रस्त, कई बच्चे घायल

Village LINE
0
स्कूली वाहन ओवरटेकिंग के दौरान पलटा 
कई बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर
बारवाडीह (लातेहार)। बारवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पैरा गांव के निकट सोमवार को संत क्लारेट स्कूल का एक स्कूली वाहन ओवरटेकिंग करते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में 20 से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में कई बच्चों को चोटें आईं, जिनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वाहन तेज गति से जा रहा था। ओवरटेकिंग करते समय चालक का नियंत्रण खो जाने से वाहन सड़क किनारे पलट गया। घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत वाहन के अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

दुर्घटना में अधिकांश बच्चों को हल्की-मध्यम चोटें आई हैं, जबकि दो बच्चों के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। दोनों गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायल बच्चों का इलाज बारवाडीह के विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बारवाडीह पुलिस और सीओ लवकेश कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन की गति और ओवरटेकिंग के दौरान हुई लापरवाही हादसे का मुख्य कारण हो सकती है।

जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों और जर्जर अवस्था वाले स्कूली वाहनों को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती से जांच कराने की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच कर दोषी चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top