देवी पार्वती की मूर्ति को शरारती तत्वों ने की खंडित
जामताड़ा। इलाके में असामाजिक तत्वों ने एक बार फिर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।घटना जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर की है, जहां अज्ञात शरारती तत्वों ने माता पार्वती की प्रतिमा को तोड़कर खंडित कर दिया और बाहर फेंक दिया। रविवार सुबह जब स्थानीय निवासी डेजी देवी पूजा करने मंदिर पहुंचीं तो यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गईं। उन्होंने तुरंत मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एसपी सिंह ने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने जामताड़ा शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मात्र कुछ दिन पहले कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के साथ भी इसी तरह की बर्बरता की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है।
भाजपा जामताड़ा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्दी दोषियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो भाजपा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
स्थानीय प्रशासन ने मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है।
