कथित गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई !
पुलिस ने वाहन और मवेशियों को कब्जे में लिया
सरायकेला। कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा के निकट ग्रामीणों ने कथित गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मवेशी भरे वाहन को पकड़ लिया। वाहन में 40 से अधिक गायों को बांधकर ले जाया जा रहा था।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में गो-तस्करी की गतिविधियां सक्रिय हैं। कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीण खुद सतर्क हो गए और निगरानी रखने लगे। इसी दौरान शुक्रवार को संदिग्ध 407 वाहन को रास्ते में रोका गया। जांच करने पर वाहन में 40 से ज्यादा गायों को बंधे हुए पाया गया। ग्रामीणों ने तुरंत वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में रोजाना अलग-अलग वाहनों से मवेशियों की ढुलाई होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि आसपास अवैध बूचड़खानों के संचालन की भी आशंका है, जहां इन गायों को ले जाया जाता होगा। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कपाली थाना पुलिस ने वाहन और मवेशियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए और क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि गो-तस्करी की गतिविधियां पूरी तरह समाप्त हो सकें।
