दहशत फैलाने की साजिश को झरिया पुलिस ने किया नाकाम !
धनबाद। झरिया थाना क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने की साजिश को झरिया पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने चार अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।झरिया थाना के राज प्लस 2 उच्च विद्यालय के पास से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शनिवार शाम को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई 2026 की रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धनबाद को गुप्त सूचना मिली थी कि झरिया थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत छापेमारी दल गठित किया। छापेमारी दल ने राज प्लस 2 उच्च विद्यालय के निकट तीन अपराधियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इनके पास से अवैध हथियार और गोली बरामद हुई। एक अन्य सहयोगी चंद्रदेव राय को बस्ताकोला से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों के निशानदेही पर पुलिस ने मुख्तार अंसारी के घर से भी अवैध हथियार और गोली बरामद की। मुख्तार अंसारी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।
बरामदगी में क्या-क्या मिला -
- तीन अवैध पिस्टल
- एक देसी कट्टा
- 15 जिंदा कारतूस
- चार स्मार्ट फोन
- दो चोरी की मोटरसाइकिल
पुलिस ने सभी अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
