बोकारो । बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी प्लॉट नंबर 138 निवासी पियूष राज गुप्ता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, समाज और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
सांसद प्रतिनिधि श्याम गुप्ता के नेतृत्व में समाज के गणमान्य लोगों ने शुक्रवार को पियूष के आवास पर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई, शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
इस वर्ष झारखंड से कुल 74 अभ्यर्थी सीए परीक्षा में सफल हुए हैं, जिनमें बोकारो के पियूष राज गुप्ता भी शामिल हैं।
सांसद प्रतिनिधि श्याम गुप्ता ने कहा,
“समाज के लिए यह गर्व की बात है कि बोकारो से एक युवा ने सीए बनकर नई पहचान बनाई है। पियूष की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।”
पियूष राज गुप्ता ने बताया,
“10वीं के बाद मेरा विजन पूरी तरह साफ नहीं था, लेकिन मैं कुछ अलग और बेहतर करना चाहता था। सीए ऐसा प्रोफेशन है जिसमें सम्मान, ज्ञान और बेहतर ग्रोथ के भरपूर अवसर हैं।”
माता सुनीता गुप्ता ने बेटे की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पियूष ने लगातार मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। पिता प्रेम कुमार ने बताया कि तीसरे प्रयास में सफलता मिलने पर पूरा परिवार बेहद गौरवान्वित है।
