चोरी-चेन स्नैचिंग पर टेढ़ी नजर..
बोकारो। पुलिस अब अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण में सख्त मुद्रा में आ गई है। रविवार को बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जिले के सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय और निर्देश दिए गए हैं।
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बैठक में सभी लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि पुराने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अनुसंधानकर्ताओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। गंभीर अपराधों की जांच अब डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा खुद की जाएगी।
बैठक में आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और जरूरी मामलों में तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता पर निपटाया जाए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
“पुलिस का लक्ष्य है कि अपराध मुक्त बोकारो बनाया जाए। लंबित मामलों का निपटारा, गंभीर मामलों में तेज जांच और जन शिकायतों का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है।”
_नाथू सिंह मीणा, एसपी, बोकारो
चोरी-चेन स्नैचिंग पर सख्ती
चोरी, गृहभेदन और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए जिले भर में पेट्रोलिंग बढ़ाने और रक्षक राइडर की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है। दूसरे जिलों से सक्रिय आपराधिक गिरोहों और संगठित अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसपी नाथू सिंह मीणा ने आम जनता से सीआईआर पोर्टल का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मोबाइल चोरी होने पर थाने जाने की जरूरत नहीं है। लोग खुद सीआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल की ऑटोमेटिक ट्रैकिंग शुरू हो जाती है और पुलिस की जिम्मेदारी है कि मोबाइल बरामद कर पीड़ित को वापस पहुंचाया जाए।”
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने मॉनिटरिंग बढ़ाने का भी निर्देश दिया है।
