सड़क हादसे में घायल मासूम ने तोड़ा दम
परिवार में मचा कोहराम
जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल पांच वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार एवं गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरीडीह वन गांव निवासी सफ़ाउल अंसारी की पुत्री सजदा खातून (8 वर्ष) तालाब से स्नान कर घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई ।
घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीण आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे जाम कर वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
पुलिस दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
