दो पक्षों के बीच मारपीट को भाजपा ने दिया सियासी रंग ?
पुलिस प्रशासन व झारखंड सरकार पर तीखा हमला
बोकारो (चिराचास)। इलाके में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक माहौल को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन व झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चिराचास थाना क्षेत्र के नंदूआस्थान स्थित जिम सेंटर में हुई मारपीट मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
सुरेंद्र राज ने बताया कि 1 मई को जिम सेंटर में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष हर्ष पांडेय ने चिराचास थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें महताब अंसारी, आरिफ अंसारी समेत कई लोगों को नामजद किया गया था। आरोप है कि घटना को नौ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
उल्टा दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर हर्ष पांडेय व एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
“यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच नहीं करता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो भाजपा बड़े स्तर पर आंदोलन करने को विवश होगी।”
_सुरेंद्र राज, भाजपा जिला अध्यक्ष, बोकारो
भाजपा ने मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भी आपत्ति जताई और कहा कि उनके बयान से जिले का माहौल तनावपूर्ण हुआ है।
भाजपा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों पक्षों के मामलों में समान और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में सांप्रदायिक तनाव न बढ़े।
