अच्छी बात_
हेमंत सोरेन करेंगे बिजली व्यवस्था को दुरुस्त
लंबित पड़ी कई बिजली परियोजनाओं को मिली नई गति !
बोकारो (चास)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बिजली व्यवस्था को लेकर उठाए गए सख्त कदमों का असर अब दिखने लगा है। लंबित पड़ी बिजली योजनाओं को नई गति मिली है। चास ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए कालापत्थर में नए पावर सब स्टेशन और टीआरडब्ल्यू के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। भूमि पूजन के साथ ही जमीन समतलीकरण का काम भी शुरू हो गया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को अगले 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद चास शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारू और विश्वसनीय होने की उम्मीद है। नए सब स्टेशन से कालापत्थर, भतुआ, पुपुनकी, कुम्हारी समेत कई गांवों में बिना रुकावट बिजली पहुंचेगी।
“यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी। अब जिला प्रशासन के सहयोग से काम तेजी से शुरू हो गया है। जिला उपायुक्त के निर्देश पर हम 6 महीने के अंदर सब स्टेशन तैयार कर लेंगे, जिससे चास ग्रामीण क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।”
_ एस.बी. तिवारी, कार्यपालक अभियंता
दिनेश कुमार रजक, मुखिया, कालापत्थर पंचायत ने कहा कि स्थानीय लोगों को लंबे समय से बेहतर बिजली की मांग थी। नया सब स्टेशन बनने से क्षेत्र की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
हीरालाल शर्मा, स्थानीय ग्रामीण ने उम्मीद जताते हुए कहा कि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से अब राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, चास क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई मोड़ में पावर ग्रिड तथा आदर्श कॉलोनी और कालापत्थर में एक-एक सब स्टेशन बनाने की योजना स्वीकृत है। जिला प्रशासन द्वारा जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
नए सब स्टेशनों के संचालन शुरू होने के बाद चास शहर और ग्रामीण क्षेत्र में लोड शेडिंग और बार-बार बिजली कटौती की समस्या में काफी कमी आने की संभावना है। फिलहाल क्षेत्र जैनामोड़ और बरमसिया पावर ग्रिड पर निर्भर है, जिसके कारण अक्सर परेशानी होती रही है।
यह परियोजना चास क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
