उमड़ा जनसैलाब, लोगों ने दिया धरना
लातेहार। बरवाडीह/छिपादोहर क्षेत्र में छिपादोहर और हेहेगड़ा रेलवे स्टेशनों को हटाने के रेलवे प्रशासन के फैसले के खिलाफ बुधवार को भारी जनाक्रोश फूट पड़ा। छिपादोहर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित एक दिवसीय विशाल धरना में सैकड़ों ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विस्थापन संघर्ष समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
धरना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन हटाने के फैसले का जमकर विरोध किया और रेलवे प्रशासन से तत्काल निर्णय वापस लेने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ये दोनों स्टेशन हटाए गए तो क्षेत्र के हजारों निवासियों को आवागमन और रोजगार के साधनों में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
धरना को सफल बनाने के लिए छिपादोहर बाजार की अधिकांश दुकानें स्वेच्छा से बंद रहीं। स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए स्टेशन बचाने की आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ये स्टेशन सिर्फ आवागमन के साधन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा हैं। इन्हें हटाना क्षेत्र के विकास पर हमला है। उन्होंने रेलवे से जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
धरना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छिपादोहर थाना पुलिस और आरपीएफ के जवान तैनात रहे। पुलिस प्रशासन पूरे कार्यक्रम पर नजर रखे रहा। धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और शाम तक चला।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि रेलवे प्रशासन उनकी मांगों को अनसुना किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
