गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप
कोडरमा (डोमचांच)। इलाके के निजी मेडविन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक वर्षीय बच्ची कनिष्का कुमारी की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने अस्पताल के कम्पाउंडर द्वारा दिए गए इंजेक्शन पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बगरीडीह निवासी पूनम कुमारी (पति- किशोर यादव) अपनी 1 वर्षीय बेटी कनिष्का कुमारी को हल्के बुखार की शिकायत लेकर मेडविन हॉस्पिटल पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि कम्पाउंडर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन व कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
वहीं, इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
“हम बच्ची को सिर्फ बुखार दिखाने लेकर गए थे। इंजेक्शन लगते ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल वालों की लापरवाही से हमारी बच्ची चली गई। हम न्याय चाहते हैं।”
_मृतक बच्ची के परिजन
“मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल कर्मियों से पूछताछ चल रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
_सुबोध पाठक, एसआई, डोमचांच थाना
पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
