'रेहला सेवा सदन' का भव्य उद्घाटन
सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का वादा
पलामू । विश्रामपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 'रेहला सेवा सदन' का भव्य उद्घाटन किया गया, जिससे अब स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।विश्रामपुर स्थित बी मोड़ IOCL पेट्रोल पंप के ठीक बगल में स्थापित इस नए स्वास्थ्य सेवा सदन का उद्घाटन कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रत्याशी प्रभात दुबे उर्फ बडू, समाजसेवी ब्रजराज चौबे, फिरोज खाँ और बबन बैठा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर स्थानीय लोगों में खासी खुशी और उत्साह देखा गया। वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से जूझ रहे आसपास के गांवों के निवासियों को अब इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मौके पर मौजूद कांग्रेस नेता प्रभात दुबे उर्फ बडू और अन्य अतिथियों ने संचालक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि 'रेहला सेवा सदन' क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और आम लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस उद्घाटन के साथ विश्रामपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया सवेरा शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करते हुए क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को काफी हद तक दूर करेगा।
