बोकारो (झारखंड)। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण संशोधन विधेयक) को विपक्ष द्वारा गिराए जाने के बाद भाजपा अब इस मुद्दे पर जमीनी स्तर पर महिलाओं तक पहुंच बनाने में लगी हुई है। इसी क्रम में आज बोकारो में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। पदयात्रा के समापन पर ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की झारखंड प्रदेश महामंत्री शालिनी बेसिखीयार (Shalini Baisakhiyar) शामिल हुईं। सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के दोहरे चरित्र पर तीखा हमला बोला और महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में गिराए जाने को महिलाओं के साथ सीधा अन्याय बताया।
उपस्थित महिलाओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि आगामी लोकसभा तथा झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और अन्य विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर सबक सिखाया जाएगा। महिलाओं का कहना था कि महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष का रवैया महिलाओं के साथ खिलवाड़ के समान है।
“लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को विपक्ष ने जानबूझकर गिराया है। यह महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण का सपना तोड़ने की साजिश है। भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करेगी और आगामी चुनावों में मातृशक्ति इस अन्याय का जवाब वोट के माध्यम से देगी।”
_शालिनी बेसिखीयार, प्रदेश महामंत्री ,भाजपा महिला मोर्चा, झारखंड
सम्मेलन में महिलाओं ने जोर देकर कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम है, जिसे विपक्ष की अड़ंगेबाजी के कारण लागू करने में देरी हो रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को महिलाओं के बीच व्यापक जागरूकता फैलाने और विपक्ष के खिलाफ जनमत तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी भी हुई, जिसमें विपक्ष को “महिला विरोधी” करार दिया गया।
यह कार्यक्रम हाल ही में लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के गिरने के बाद भाजपा द्वारा शुरू किए गए राज्यव्यापी विरोध और जागरूकता अभियान का हिस्सा है।
