बोकारो (झारखंड)। बोकारो एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू न होने के मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार, बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) प्रबंधन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय पर तीखा हमला बोला है।
झामुमो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने बोकारो परिसदन में आयोजित पार्टी बैठक में कहा कि बोकारो एयरपोर्ट को लेकर Directorate General of Civil Aviation (DGCA) की लाइसेंस प्रक्रिया में हो रही अनावश्यक देरी विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि BSL के कुछ अधिकारियों की जानबूझकर की गई साजिश के कारण विमान सेवा शुरू नहीं हो पा रही है।
मंटू यादव ने केंद्र सरकार के दो मंत्रियों — नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू और भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों मंत्री इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू नहीं की गईं, तो झामुमो कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर बड़ा आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेंगे।
“बोकारो एयरपोर्ट से जल्द विमान सेवा शुरू हो, यह हमारी प्राथमिकता है। अगर इसमें देरी होती है तो झामुमो सड़क से लेकर दिल्ली तक आंदोलन करेगा।”
_मंटू यादव, अध्यक्ष, झामुमो महानगर
बैठक में मंटू यादव ने भाजपा सांसद द्वारा हाल में किए गए प्रदर्शनों को “जनता को गुमराह करने वाला नाटक” बताया। उन्होंने कहा कि नेताओं को अब राजनीति छोड़कर एयरपोर्ट से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।
झामुमो ने बोकारो एयरपोर्ट को क्षेत्रीय विकास के लिए बेहद जरूरी बताया और मांग की कि DGCA शीघ्र लाइसेंस जारी करे तथा BSL प्रबंधन भी सहयोग करे, ताकि बोकारोवासियों को जल्द ही हवाई सुविधा मिल सके।
यह मुद्दा पिछले कई महीनों से बोकारो में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों दोनों तरफ से बोकारो एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ान शुरू करने की मांग लगातार उठ रही है।
