रांची यूनिवर्सिटी से मिले दो प्रतिष्ठित अवॉर्ड
गिरिडीह/रांची। ग्रामीण झारखंड की मिट्टी से निकली एक साधारण लड़की ने अपनी लगन, मेहनत और अटूट इच्छाशक्ति से साबित कर दिया कि सपनों को हासिल करने के लिए कोई भी रुकावट बहुत बड़ी नहीं होती। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत घुटिया गांव की बेटी अफसाना परवीन ने रांची यूनिवर्सिटी में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर दौड़ा दी है।
अफसाना को रांची यूनिवर्सिटी द्वारा ‘बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड’ और ‘बेस्ट लाइब्रेरी यूजर (S.R. Ranganathan अवॉर्ड)’ से सम्मानित किया गया है। यह दोनों पुरस्कार उनकी शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन और ज्ञान के प्रति समर्पण को बतलाता है।
स्वर्गीय मो. मुर्तजा की पुत्री अफसाना वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। छोटे से गांव घुटिया से निकलकर रांची यूनिवर्सिटी तक पहुंचना और वहां टॉप उपलब्धियां हासिल करना किसी भी युवा छात्रा के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
घुटिया गांव और बेंगाबाद प्रखंड में अफसाना की इस सफलता पर उत्साह का माहौल है। परिवार, पड़ोसी और स्थानीय लोग उनकी उपलब्धि पर गर्व जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अफसाना की मेहनत क्षेत्र की अन्य लड़कियों के लिए मिसाल बन गई है। यह साबित करता है कि चाहे पृष्ठभूमि कितनी भी साधारण क्यों न हो, सही दिशा में मेहनत करने वाली कोई भी बेटी अपनी मंजिल तक पहुंच सकती है।
अफसाना परवीन ने अपनी सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, सम्मानित शिक्षकों और उनकी निरंतर मेहनत का फल है। उन्होंने कभी हार नहीं मानी और हमेशा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा।
अफसाना की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की उन हजारों लड़कियों को नई उम्मीद और प्रेरणा देगी जो उच्च शिक्षा के सपने देखती हैं, लेकिन संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण हिचकिचाती हैं।
उनकी यह उपलब्धि संदेश देती है कि पढ़ाई, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी मुश्किल लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गिरिडीह जिला अब उम्मीद भरी नजरों से अफसाना की और भी बड़ी सफलताओं की ओर देख रहा है। अफसाना परवीन न सिर्फ अपनी परिवार की बल्कि पूरे गिरिडीह की बेटियों की प्रेरणा बन चुकी हैं।
