सांसद ढुलू महतो और मंत्री इरफान अंसारी आमने-सामने
बोकारो। चिराचास थाना क्षेत्र में जिम के बाहर हुई मारपीट का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। धनबाद सांसद ढुलू महतो ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर सीधा आरोप लगाते हुए बोकारो पुलिस पर मंत्री के दबाव में एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सांसद ढुलू महतो का कहना है कि हर्ष पांडेय जिम में धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले गाने का विरोध करने गए थे, जहां उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और छिनतई की गई। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी बनाने के बजाय हर्ष पांडेय को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्होंने दावा किया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद आरिफ को बचाने के लिए मंत्री का दबाव काम कर रहा है।
मंत्री का वीडियो आया सामने, तनाव बढ़ा
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का एक ऑडियो-वीडियो वायरल हो गया। इसमें मंत्री आरोपी मोहम्मद आरिफ के परिजनों से फोन पर बात करते नजर आ रहे हैं और कार्रवाई कराने का आश्वासन दे रहे हैं। इस वीडियो के बाद विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक संरक्षण का सबूत बताते हुए हमला बोल दिया है।
ढुलू महतो का हमला
“मंत्री के दबाव में पुलिस काम कर रही है। आरिफ समेत उसके साथियों को गिरफ्तार करना चाहिए था, लेकिन उलट हर्ष पांडेय को जेल भेज दिया गया। आरिफ के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, फिर भी पुलिस उसे बचाने में लगी हुई है। जिला प्रशासन को अपने दायरे में रहकर काम करना चाहिए।”
_ढुलू महतो, सांसद, धनबाद
कांग्रेस की अपील, लेकिन राजनीति तेज
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने हालांकि शांति की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति नहीं करनी चाहिए और किसी को जहरीली भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
बोकारो एसपी का बयान
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने दावा किया कि पुलिस पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
राजनीतिक तड़का
इस पूरे प्रकरण ने बोकारो-धनबाद की राजनीति को एक बार फिर से गर्म कर दिया है। BJP सांसद ढुलू महतो का आरोप है कि सत्ताधारी गठबंधन का मंत्री अपने समुदाय विशेष की ओर झुकाव रखते हुए पुलिस को प्रभावित कर रहा है, जबकि विपक्ष इसे साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश बता रहा है।
स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के समर्थकों में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने भारी बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की है।
अभी देखना बाकी है कि बोकारो पुलिस इस दबाव के बीच निष्पक्ष जांच कर पाती है या मामला और ऊपर तक जाएगा।
