लातेहार/रांची । बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती आज पूरे झारखंड में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। लातेहार के महुआडांड़ अंबेडकर चौक पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में शोभायात्रा, माल्यार्पण, विचार गोष्ठी, ज्ञान प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
रांची_
अखिल भारतीय अनुसूचित जाति महासभा ने नामकुम स्थित कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर 14 अप्रैल को भव्य कार्यक्रम की घोषणा की। साकित नगर में भी तैयारियां पूरी।
आजसू पार्टी ने राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो पिठौरिया चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ सिल्ली, खूंटी आदि स्थानों पर कार्यक्रमों में शामिल हुए।
देवघर_
डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय परिसर में 14 अप्रैल को 135वीं जयंती समारोह मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी सौरभ सहित कई गणमान्य की मौजूदगी रहेगी। समारोह में डॉ. अंबेडकर ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
बोकारो (चंदनकियारी)_
मामरकुदर मोड़ से शहीद चौक स्थित बाबासाहेब की प्रतिमा तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन शामिल होंगे।
कोल्हान (चाईबासा)_
युवा संगठनों की ओर से भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसमें चाईबासा में चयनित जगह पर अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
कोल्हान विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में भी जयंती मनाई गई, जिसमें जलियांवाला बाग शहीदों को भी याद किया गया।
गढ़वा_
केतार-पाचाडुमर गांव में जयंती समिति द्वारा 135वीं बाबासाहेब जयंती मनाई जा रही है।
रामगढ़ (बरका-सयाल)_
एससी-एसटी-ओबीसी काउंसिल आज बड़े ही हर्षोल्लास के साथ बाबा साहेब जयंती मना रही है।
अन्य जिलों में_
- कोडरमा: बाबासाहेब जयंती पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल में छात्रों ने प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
- डकरा क्षेत्र: एससी/एसटी/ओबीसी एकता मंच द्वारा इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
- जमशेदपुर: झारखंड मानवाधिकार संघ ने भी इस मौके पर बाबासाहेब को याद किया और अगले दिन बौद्धिक विमर्श का आयोजन भी किया जाएगा।
झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप-7 पदमा) में भी दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ बाबासाहेब की जयंती मनाई गई।
वक्ताओं ने हर कार्यक्रम में बाबासाहेब के संविधान निर्माण, समानता और न्याय के योगदान को याद किया। लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज में बदलाव लाने का संकल्प लिया।
झारखंड सरकार ने भी 14 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया हुआ है। बाबासाहेब की 135वीं जयंती के मद्देनजर राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहने की उम्मीद है।
