साढ़े पांच साल से लापता नाबालिग सेजल झा की तलाश अब CID करेगी
मां उषा झा को मिली राहत, बोकारो का पुराना अपहरण मामला नए सिरे से खुलेगा
पुलिसिया जांच के तरीकों और कर्तव्य निर्वहन पर सवालिया निशान?
पुष्पा कांड के बाद सेजल की मां की बेटी को लेकर आशंका गहराई
CID ने साढ़े 5 साल पुराना अपहरण मामला संभाला, लेकिन मां का सवाल- “पांच साल से दर-दर भटक रही हूं, अब भी भरोसा टूट रहा है”
बोकारो (पिंडराजोरा) । साढ़े पांच साल से बेटी की तलाश में दर-दर भटक रही मां उषा झा के लिए आखिरकार उम्मीद की किरण दिखी है। बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के कुरमा गांव की 14 वर्षीय नाबालिग सेजल झा 16 अक्टूबर 2020 से लापता है। अब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने पूरे मामले की जिम्मेदारी संभाल ली है।
वरीय अधिकारियों के आदेश के बाद CID ने सोमवार को CID थाना कांड संख्या 04/2026 में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। CID टीम अब मामले की नए सिरे से गहन जांच शुरू करेगी।
घटना क्या थी ?
16 अक्टूबर 2020 को सुबह करीब 10:45 बजे सेजल झा कक्षा 9 की छात्रा अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए कुरमा गांव की ओर निकली थी। करीब 11:15 बजे सूचना मिली कि कुरमा जाने वाली सड़क पर उसकी साइकिल, चप्पल और किताब-कॉपी बिखरी पड़ी हैं। कॉपी पर साफ-साफ उसका नाम लिखा था। परिवार ने सामान की पहचान कर खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
स्वजनों ने तुरंत पिंडराजोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने सेजल का अपहरण कर लिया है। उस वक्त यह मामला काफी चर्चा में रहा था।
पांच साल से ठंडा पड़ा था केस_
पिंडराजोरा थाने की पुलिस ने जांच की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला। न कोई चश्मदीद गवाह मिला, न फिरौती मांगने वाली कोई फोन कॉल आई। बेटी की तलाश में मां उषा झा लगातार अधिकारियों के पास गुहार लगाती रहीं, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
पुष्पा कांड के बाद मां भयभीत_
हाल ही में पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में ही 18 वर्षीय पुष्पा महतो हत्याकांड सामने आया, जिसमें 9 महीने तक लापता रहने के बाद कंकाल बरामद हुआ। प्रेमी द्वारा हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस की लापरवाही उजागर हुई और बोकारो एसपी ने पूरे थाने के 28 पुलिसकर्मियों (थाना प्रभारी समेत) को निलंबित कर दिया। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद ही कार्रवाई हो पाई।
इसी थाने में सेजल का केस भी लंबित है। पुष्पा कांड के बाद अब सेजल की मां उषा झा की चिंता और आशंका कई गुना बढ़ गई है।
"2020 के 16 अक्टूबर को मेरी बेटी लापता हुई थी… अपहरण हो गया था। पांच वर्षों से हम लोग बड़े-बड़े अधिकारियों के पास भटक रहे हैं। डीसी सर ने फिर एक बार उम्मीद दिलाई कि एसपी और डीएसपी सर के साथ रिव्यू करेंगे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हम आम जनता हैं, सीधे-सादे लोग हैं… पूरी तरह प्रशासन पर विश्वास करते हैं। लेकिन पुलिस के काम और मामले में जांच तरीके समझ में नहीं आ रहे। बार-बार दरवाजे खटखटाते हैं, फिर भी कुछ नहीं मिल रहा। अब CID ने मामला लिया है, उम्मीद है कि बेटी मिल जाएगी।”
_उषा झा, सेजल की मां
CID के हाथ में केस आने से परिवार को हालांकि कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन पुष्पा कांड की घटना ने मां उषा झा समेत स्थानीय लोगों के मन में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
