परिवहन कार्यालय की बदहाली पर सचिव ने जताई नाराजगी
बोकारो । परिवहन सचिव राजीव रंजन ने शुक्रवार को बोकारो परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की बदहाली देखकर सचिव काफी नाराज नजर आए।
निरीक्षण के बाद उन्होंने बोकारो डीसी को इसकी जानकारी दी। मीडिया से बातचीत में परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि परिवहन कार्यालय खोजने में उन्हें काफी समय लग गया, जो बेहद खेदजनक है।
उन्होंने कहा कि यह खेद का विषय है कि उन्हें खुद परिवहन कार्यालय खोजने में इतना वक्त लगा। अगर वे इतना समय ले रहे हैं तो आम लोग इस कार्यालय तक कैसे पहुँचते होंगे? यह एक गंभीर मुद्दा है।
सचिव ने आगे कहा कि परिवहन सचिव बनने के बाद उन्होंने जिस तरह से परिवहन कार्यालयों की परिकल्पना की थी, वह वास्तविकता में नहीं उतर पाया है। बोकारो परिवहन कार्यालय की स्थिति काफी खराब है।
राजीव रंजन ने डीसी को जल्द से जल्द इस कार्यालय को शिफ्ट करने का निर्देश दिया है।
परिवहन सचिव ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना परिवहन विभाग की प्राथमिकता है और बोकारो जैसे कार्यालयों की दयनीय स्थिति इसे प्रभावित कर रही है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस कार्यालय को बेहतर स्थान पर शिफ्ट कर व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
