बिजली और पानी को ले भाजपा फिर एक बार हेमंत सरकार पर हमलावर
धनबाद। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में गहराते पेयजल और बिजली संकट के खिलाफ सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव किया। हजारों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कार्यक्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह, सांसद, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पानी और बिजली की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई।
मरांडी का तीखा हमला
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “झारखंड में कानून व्यवस्था, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। जनता भीषण गर्मी में पानी और बिजली के लिए त्राहिमाम कर रही है, लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त है।”
उन्होंने कहा कि गांवों में महिलाएं मीलों दूर से पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि शहरों में लंबे समय तक बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया-धनबाद समेत पूरे राज्य में पेयजल और बिजली का संकट भयावह रूप ले चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद सरकार और प्रशासन गंभीर नहीं है।
रागिनी सिंह ने बताया, “झरिया विधानसभा क्षेत्र में भी कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। लगातार बिजली कटौती से आम लोगों, व्यवसायियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं करती है तो भाजपा आंदोलन को और तेज तथा व्यापक रूप देगी।
प्रदर्शनकारियों की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की। पार्टी का कहना है कि वह सड़क से सदन तक जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
भाजपा का यह प्रदर्शन झारखंड में बिजली और पानी की बढ़ती समस्या को लेकर पिछले दिनों शुरू किए गए लगातार आंदोलनों की कड़ियों में एक है। जाहिर है भाजपा बिजली और पानी की समस्या को लेकर आनेवाले दिनों में भी हेमंत सरकार पर हमलावर रहेगी।
